Tuesday, December 15, 2020

नेज़ों पे दौड़ने का हुनर ढूंढता रहा ....सचिन अग्रवाल



नेज़ों पे दौड़ने का हुनर ढूंढता रहा
हमको हमारे बाद सफ़र ढूंढता रहा..

जब साथ थे तो संजीदा वो ही था और न मैं
वो मुझको और मैं उसको मगर ढूंढता रहा..

सूरज ख़रीद डाले हैं लोगों ने और मैं
ताउम्र जुगनुओं में सहर ढूंढता रहा..

होने को यूं तो नाम वसीयत में था मगर
एक बाप अपना लख्ते जिगर ढूंढता रहा..

अफ़वाह में वो आंच थी अखबार जल गए
मैं इश्तिहारों में ही ख़बर ढूंढता रहा ......

ये देखिये कि कितनी थी शिद्दत तलाश में
मत पूछिए मैं किसको किधर ढूंढता रहा .

(क़तरा से)
- सचिन अग्रवाल

Monday, December 14, 2020

समर्पण ....अजनबी

 


अपनी मोहब्बत को इक नाम यह भी दे दो-
ये अजनबी सी आंखों का समर्पण है बस

ना तुम हो, ना मैं हूं, ना जमाने की भीड़-
हम दोनों के बीच खड़ा गूंगा दर्पण है बस।

क्या दूं, क्या है, पास मेरे बताओ तो जरा-
मेरा तो हर ख्वाइश तुझ पर अर्पण है बस।

सुनो जरा, समझो मुझे, झांक कर देखो तो-
मेरे मन के हर ख्वाब में तेरा ही दर्शन है बस।

भला दूं तुम्हें या, तुम भूल जाओ, "अजनबी"-
समझ लेना उसी दिन, हो गया तड़पन है बस।।
- 
"अजनबी"

Sunday, December 13, 2020

क्यूं रूठे है सनम आप हमसे ....प्रीती श्रीवास्तव

 


नजरो से अपनी पिलाइये तो जरा।
हस कर करीब मेरे आइये तो जरा।।


क्यूं रूठे है सनम आप हमसे।
क्या वजह है बताइये तो जरा।।

दिल है मेरा कांच का सनम।
इस पर रहम खाइये तो जरा।।

 टूटकर बिखर न जाऊं कहीं।
दिल की दिल को सुनाइये तो जरा।।

 प्यासे ही रह गये जाकर मयखाने।
थोड़ी ही सही पिलाइये तो जरा।।

सबकी नजरें उठ रही बार बार।
हया को आँखों में लाइये तो जरा।।
-प्रीती श्रीवास्तव

Saturday, December 12, 2020

तुम कैसी हो कुछ हाल कहो ..अमित 'केवल'

कुछ मेरी भी सुनती जाओ
और कुछ अपने सवाल कहो

अब मिले हो कितने सालों बाद
कैसे गुज़रे ये साल कहो

मेरे भी दिल की कुछ सुन लो
कुछ अपने भी हालात कहो

रहने दो ज़ुल्फों को यूँ ही
तुम ऐसे ही सब बात कहो

तुम देखो मत मेरी आँखों में
बस ज़रा अपनें जज़्बात कहो

थोड़ा तकल्लुफ तो लाज़िम है
पर बार बार मत आप कहो

अब भी बिल्कुल वैसे ही हो
इसका भी कुछ राज़ कहो

क्या याद तुम्हे अब भी है वो
अपनी पहली मुलाकात कहो

अपने मौसम का प्यारा सावन
अपनी भीगी बरसात कहो

क्या भूल चुकी हो अपना माज़ी
या याद तुम्हें है हर बात कहो

खत वो सारे जो तुमको लिखे
सूखे हुए वो गुलाब कहो।

मैं तो वही पुराना सा हूँ
फिर खड़े हो क्यूँ चुपचाप कहो।

तुम क्यों झिझक रही हो मुझसे
जो कहना है बेबाक कहो।

शिकवा कोई अगर मुझसे है तो
अपने दिल की भड़ास कहो।

इतने सालों में इक भी बार
क्या आई मेरी याद कहो।

मैं तो तुम्हे अब तक न भूला
तुम भी करती हो क्या याद कहो।

- अमित 'केवल'

Friday, December 11, 2020

" होशियार बुज़ुर्ग " ....स्मित हास्य



आयकर अधिकारी ने एक बुज़ुर्ग करदाता को अपने कार्यालय में बुलाया...

करदाता ठीक समय पर पहुंच गया, अपने वकील के साथ... 

आयकर अधिकारी : आप तो रिटायर हो चुके हैं, हमें पता चला है कि आप बड़े ठाट- बाट से रहते हैं, इसके लिए पैसे कहां से आते हैं...?  

करदाता : जुए में जीतता हूँ ...!  

आयकर अधिकारी : हमें यकीन नहीं...!

करदाता : मैं साबित कर सकता हूँ...! क्या आप एक Demo देखना चाहते हैं...?    

आयकर अधिकारी : अच्छी बात है, जरा हम भी देखें... शुरू हो जाइये... !  

करदाता : एक हज़ार रुपए की शर्त लगाने के लिए क्या आप तैयार हैं....? मैं यह दावा कर रहा हूं कि मैं अपनी ही एक आँख को अपने दाँतों से काट सकता हूँ...!  

आयकर अधिकारी : क्या...?   नामुमकिन, लग गई शर्त...!    

करदाता अपनी शीशे की एक कृत्रिम आँख निकालकर अपने दाँतों से काटता है... !  

आयकर अधिकारी ने हार मान ली और एक हज़ार रुपये उस वृद्ध करदाता को दे दिये... !  

करदाता : अब दो हज़ार की शर्त लगाने के लिए तैयार हो... ?  
मैं अपनी दूसरी आंख को भी काट सकता हूँ... !  

आयकर अधिकारी ने सोचा, ज़ाहिर है कि यह अँधा तो नहीं है..... 
उसकी दूसरी आँख शीशे की नहीं हो सकती, कैसे कर पायेगा ....?  देखते हैं ...!   

 बोला: लग गई शर्त...!!

करदाता ने अपने नकली दाँत मुँह से निकालकर, अपनी आँख को हलके से काटा.. !!!  

आयकर अधिकारी हैरान हुआ पर कुछ कह नहीं सका.. और चुपचाप दो हज़ार रुपये अदा कर दिये...! 


करदाता ने आगे कहा : चलो एक और मौका देता हूँ आपको......
दस हज़ार की शर्त लगाने के लिये तैयार हो...?  

आयकर अधिकारी ने कहा : अब कौन-सी बहादुरी का प्रदर्शन करोगे...?   

करदाता ने कहा : आपके कमरे में कोने में जो कूड़े का डिब्बा है.... मेरा दावा है कि मैं यहाँ आपकी मेज़ के सामने खड़े होकर...सीधे उस डिब्बे के अँदर थूक विसर्जन कर सकता हूँ.... !!   

और आपकी टेबल पर एक बूँद भी नहीं गिरेगी.... 

तभी वकील जोर से चिल्लाया : मत लगाओ, मत लगाओ...!  

लेकिन आयकर अधिकारी नहीं माना...  उसने देखा कि दूरी १५ फुट से भी ज्यादा है और कोई भी यह काम नहीं कर सकता......!  

और इस बुड्ढे से तो ये बिल्कुल भी नहीं हो सकेगा...!!!  

इस तरह बहुत सोचकर अपने खोये हुए पैसे को वापस जीतने की उम्मीद से..... वह शर्त लगाने के लिए तैयार हो गया ...!  

वकील ने माथा ठोक लिया ...! 

करदाता मुँह नीचे करके, शुरू हो गया पर ...उसकी कोशिश नाकामयाब रही....!  

उसने आयकर अधिकारी की टेबल को थूक से खराब कर दिया...!!  

लेकिन आयकर अधिकारी बहुत ख़ुश हुआ ...!    

उसने देखा करदाता का वकील रो रहा है... !   

उसने पूछा :  क्या बात है, वकील साहब......?? 

वकील ने कहा : आज सुबह इस शैतान ने मुझसे पचास हज़ार की शर्त लगाई थी......  कि वह इनकम टैक्स वालों की टेबल पर थूकेगा और वो बजाये नाराज़ होने के उल्टे ...इससे खुश होंगे...!!

मैं तो लुट गया ...साहेब...!!!



तो ऐसे होते हैं हमारे बुज़ुर्ग ...
कृपया उन्हें हल्के में लेने की गलती मत करना
(जनहित में प्रस्तुत)

Thursday, December 10, 2020

इस आत्महत्या के युग में, कैसे खिलते हैं फूल: दिनकर कुमार इरशाद



इस आत्महत्या के युग में
कैसे खिलते हैं फूल
मंडराते हैं भँवरे
गाती है कोयल

इस आत्महत्या के युग में
कैसे नदी जाकर
मिलती है सागर से
कैसे लहरें मचलती हैं
चाँद को छूना चाहती हैं

इस आत्महत्या के युग में
कैसे खिलते हैं फूल
मंडराते हैं भँवरे
गाती है कोयल

इस आत्महत्या के युग में
कैसे नदी जाकर
मिलती है सागर से
कैसे लहरें मचलती हैं
चाँद को छूना चाहती हैं
इस आत्महत्या के युग में
कैसे प्रेम किया जाता है
कैसे भावनाओं को
जिया जाता है
कैसे अंकुरित हो पाते हैं बीज
इस आत्महत्या के युग में
कैसे बची रह पाती है
जीने की ललक
दुनिया को बदल डालने
की सनक
कैसे हृदय के कोमल हिस्से में
चुपचाप छिपे रहते हैं
इन्द्रधनुषी सपने। 
-दिनकर कुमार इरशाद


Wednesday, December 9, 2020

चंचल तितली ...हरिवंशराय बच्चन

रंग-बिरंगे पर फड़काती, 

तितली जब बगिया में आती 

सब बच्चो के मन को भाती,  

सब बच्चो का जी ललचाता


फूलो के ऊपर मंडराती, 

पत्तों के पीछे छिप जाती 

रंगत कैसे इतनी पाती 

नहीं किसी को भी बतलाती


जी में आता उसे पकड़कर 

हम अपने घर में ले आए 

अपनी दादी को दिखलाए 

अपने दादा को दिखलाए


यह चंचल-चालाक बड़ी है 

हाथ किसी के कभी न आती 

हाथो कि छाया भी उस पर 

पड़ी कि वह झट से उड़ जाती


तितली रानी, बोल सको तो 

इतना तो जाओ बतलाती 

मुझको याद तुम्हारी आती 

मेरी याद तुम्हे भी आती ?

-स्मृतिशेष हरिवंशराय बच्चन
मूल रचना