Thursday, February 14, 2019

फिर आया बसंत.......श्वेता सिन्हा

केसर बेसर डाल-डाल 
धरणी पीयरी चुनरी सँभाल
उतर आम की फुनगी से
सुमनों का मन बहकाये फाग
तितली भँवरें गाये नेह के छंद
सखि रे! फिर आया बसंत

सरसों बाली देवे ताली
मदमाये महुआ रस प्याली
सिरिस ने रेशमी वेणी बाँधी
लहलही फुनगी कोमल जाली
बहती अमराई बौराई सी गंध
सखि रे! फिर आया बसंत

नवपुष्प रसीले ओंठ खुले
उफन-उफन मधु राग झरे
मह-मह चम्पा ले अंगड़ाई 
कानन केसरी चुनर कुसुमाई
गुंजित चीं-चीं सरगम दिगंत
सखि रे! फिर आया बसंत

प्रकृति का संदेश यह पावन
जीवन ऋतु अति मनभावन
तन जर्जर न मन हो शिथिल 
नव पल्लव मुस्कान सजाओ
श्वास सुवास आस अनंत
सखि रे! फिर आया बसंत।
-श्वेता सिन्हा

7 comments:

  1. नवपुष्प रसीले ओंठ खुले
    उफन-उफन मधु राग झरे
    मह-मह चम्पा ले अंगड़ाई
    कानन केसरी चुनर कुसुमाई
    गुंजित चीं-चीं सरगम दिगंत
    सखि रे! फिर आया बसंत
    बहुत ही बेहतरीन रचना

    ReplyDelete
  2. अति उत्तम... प्राकृतिक हरियाली एवं रंगों से सुसज्जित रचना👌👌👌👏👏👏

    ReplyDelete
  3. अद्भुत अप्रतिम अभिराम अनुपम।

    ReplyDelete
  4. ठंड तो जैसे बर्फ की तरह जम के रह गयी है, ये जाए तब वह आए

    ReplyDelete
  5. बहुत लाजवाब...बसंत सी सुमधुर...

    ReplyDelete
  6. आपकी इस प्रविष्टि् के लिंक की चर्चा कल शुक्रवार (15-02-2019) को “प्रेम सप्ताह का अंत" (चर्चा अंक-3248) पर भी होगी।
    --
    चर्चा मंच पर पूरी पोस्ट नहीं दी जाती है बल्कि आपकी पोस्ट का लिंक या लिंक के साथ पोस्ट का महत्वपूर्ण अंश दिया जाता है।
    जिससे कि पाठक उत्सुकता के साथ आपके ब्लॉग पर आपकी पूरी पोस्ट पढ़ने के लिए जाये।
    --
    हार्दिक शुभकामनाओं के साथ।
    सादर...!
    डॉ.रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक'

    ReplyDelete